कानपुर में 24 लाख की लूट से 1600 करोड़ के हवाला नेटवर्क का खुलासा
डिस्ट्रिक हेड: राहुल द्विवेदी
कानपुर के श्यामनगर में 24 लाख रुपये की लूट की वारदात ने पुलिस को एक बड़े हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क तक पहुंचा दिया। जांच में सामने आया कि टेनरी संचालक महफूज और उसके रिश्तेदारों के नाम पर खुले 12 बैंकों के 68 खातों से ढाई साल में करीब 1600 करोड़ रुपये नकद निकाले गए। अब इस मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), आयकर और जीएसटी विभाग को भी शामिल किया गया है।
लूट से खुला बड़ा राज
16 फरवरी की रात चकेरी क्षेत्र में मो. वासिद और अरशद से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर 24 लाख रुपये लूट लिए थे। हैरानी की बात यह रही कि पीड़ितों ने तुरंत तहरीर नहीं दी। आठ दिन बाद रिपोर्ट दर्ज कराने पर पुलिस को शक हुआ। जांच में पता चला कि दोनों युवक बिरहाना रोड स्थित आईडीबीआई बैंक से रकम निकालकर जाजमऊ जा रहे थे।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुष्टि हुई कि लूट की घटना हुई थी। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, पीड़ितों के बयान और बैंक लेनदेन में कई विसंगतियां मिलीं।
3.20 करोड़ निकासी से बढ़ा शक
जांच में यह भी सामने आया कि उसी दिन टेनरी संचालक महफूज के खाते से 3.20 करोड़ रुपये निकाले गए थे। इतनी बड़ी नकद निकासी ने पुलिस का संदेह गहरा कर दिया। साइबर सेल, स्वॉट टीम और चकेरी पुलिस की संयुक्त जांच में बैंक खातों का विश्लेषण किया गया, जिसमें 68 खातों से 1600 करोड़ रुपये नकद निकासी का खुलासा हुआ।
मुठभेड़ में दो गिरफ्तार, छह जेल भेजे
पुलिस ने गुरुवार देर रात बेकनगंज निवासी मो. यासीन और मुजाहिद को अहिरवां 80 फीट रोड पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। दोनों ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी। इससे पहले अब्दुल रहमान, लारेब सिद्दीकी, सुभान खान और मो. जीशान को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
जांच में सामने आया कि अब्दुल रहमान और सुभान खान ने पीड़ितों की रेकी की थी। पुलिस का मानना है कि लूट की वारदात हवाला नेटवर्क से जुड़े पैसों के लेनदेन का हिस्सा हो सकती है।
ईडी और आयकर को सूचना
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि मामला आर्थिक अपराध से जुड़ा प्रतीत होता है। मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला के एंगल से जांच के लिए ईडी, आयकर और जीएसटी विभाग को पत्र भेजा गया है। टेनरी संचालक महफूज की तलाश जारी है और उसके खातों की विस्तृत जांच की जा रही है।
कानपुर में एक साधारण लूट की घटना ने जिस तरह 1600 करोड़ के संदिग्ध लेनदेन का पर्दाफाश किया है, उसने शहर में हलचल मचा दी है। आने वाले दिनों में जांच और भी बड़े खुलासे कर सकती है।




