उन्नाव में जहर खाने से युवक की मौत, घरेलू कलह के बाद उठाया कदम
फतेहपुर चौरासी जहरकांड
उन्नाव के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के कोलवा गांव में एक व्यक्ति की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मंगलवार शाम जिला अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान राजेश कश्यप (पुत्र गंगाराम कश्यप) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेश ने घरेलू कलह के चलते कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था। जहर खाने के कुछ देर बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई।
परिजनों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से राजेश को उन्नाव के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद मंगलवार शाम को उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
राजेश कश्यप अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल शुरुआती जानकारी में घरेलू विवाद को घटना का कारण बताया जा रहा है। मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।




