कानपुर रिंग रोड का मंधना–सचेंडी खंड, शहर के ट्रैफिक में 25% तक कमी का दावा
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर।
कानपुर रिंग रोड के मंधना–सचेंडी खंड का निर्माण कार्य सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके चालू होने से बुंदेलखंड से आने वाले भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं करना पड़ेगा और वे बाहर-बाहर ही अपने गंतव्य की ओर निकल सकेंगे। इससे शहर के ट्रैफिक लोड में करीब 25 प्रतिशत तक कमी आने की उम्मीद है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के पैकेज वन के तहत मंधना से करीब 24 किलोमीटर दूर सचेंडी तक सिक्स लेन रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है। इस मार्ग के तैयार होने के बाद बुंदेलखंड के कबरई, हमीरपुर क्षेत्र से आने वाले मौरंग, गिट्टी से लदे ट्रक और डंपर रमईपुर होते हुए सीधे मंधना पहुंच सकेंगे। यहां से वे बिल्हौर के रास्ते कन्नौज, फर्रुखाबाद और अलीगढ़ रोड की ओर आसानी से रवाना हो सकेंगे।
शुक्रवार को रिंग रोड निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव ने बताया कि इस हिस्से के चालू होते ही शहर के अंदर भारी वाहनों का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा। वहीं, पैकेज चार के तहत सचेंडी से रमईपुर तक छह लेन सड़क बनने के बाद ट्रैफिक का बोझ और घटेगा।
अधिकारियों के अनुसार रिंग रोड के पूरे नेटवर्क के सक्रिय होने से न सिर्फ कानपुरवासियों को लंबे जाम से राहत मिलेगी, बल्कि बुंदेलखंड से कानपुर-अलीगढ़ हाईवे तक सीधा और सुगम आवागमन भी संभव हो सकेगा।




