रनियां पुलिस ने कार से पकड़ी 20 पेटी अवैध देशी शराब, तीन युवक गिरफ्तार
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर देहात।थाना रनियां पुलिस ने गुरुवार को रायपुर गजनेर तिराहे पर चेकिंग के दौरान एक कार से 20 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि रनियां थाना पुलिस गुरुवार को रायपुर के पास गजनेर तिराहे पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सचेंडी (कानपुर नगर) की ओर से आ रही एक कार संदिग्ध दिखाई दी। पुलिस ने जब कार को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान कार से 20 पेटी अवैध देशी शराब, कुल 896 क्वार्टर, बरामद किए गए। एसपी ने बताया कि बरामद शराब की कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।
थानाध्यक्ष एस.एन. सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम विनोद गुप्ता निवासी जूही लाल कॉलोनी, थाना किदवई नगर, कानपुर; मुकेश सिंह निवासी ग्राम तिलसड़ा, थाना घाटमपुर; और अविनाश शिवहरे निवासी विश्व बैंक, बर्रा, थाना बर्रा, कानपुर बताए हैं।
पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




