लुटेरों से पुलिस की मुठभेड़, शातिर छुटकन के पैर में लगी गोली, दो साथी फरार… तमंचा व नकदी बरामद
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और लुटेरों के बीच हुई मुठभेड़ में शातिर अपराधी नियाज उर्फ छुटकन पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में नियाज उर्फ छुटकन के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने 8 जनवरी को केशवपुरम इलाके में हुई चेन लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 4,500 रुपये नकद, एक तमंचा और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों फरार बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा




