नेताजी की जयंती पर कानपुर में ब्लैकआउट मॉकड्रिल, 23 जनवरी को 30 मिनट रहेगी बिजली बंद
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर 23 जनवरी को नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से शहर में ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी नगर डॉ. राजेश कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई।
मॉकड्रिल के तहत शाम 6 बजे हवाई हमले की चेतावनी के रूप में दो मिनट तक तेज आवाज में सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद शाम 6 बजे से 6:30 बजे तक शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
इन क्षेत्रों में रहेगा ब्लैकआउट
कर्नलगंज, ग्वालटोली, नई सड़क, साइकिल मार्केट, यतीमखाना, बेगमगंज, बेकनगंज, तलाक महल, परेड और पीपीएन मार्केट सहित आसपास के इलाकों में 30 मिनट का पूर्ण ब्लैकआउट रहेगा।
नागरिकों से सहयोग की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मॉकड्रिल के दौरान घर के अंदर और बाहर सभी लाइटें बंद रखें। सायरन बजते ही लोगों को सुरक्षित स्थानों या शेल्टर में जाने के निर्देश दिए गए हैं।
6:30 बजे बजेगा ‘खतरा समाप्त’ सायरन
शाम 6:30 बजे खतरा समाप्त होने के संकेत के रूप में दो मिनट तक सीधी आवाज में सायरन बजेगा। इसके बाद आग पर काबू पाने और आपदा प्रबंधन से जुड़े अभ्यास भी कराए जाएंगे।




