कानपुर नगर पुलिस का 24 घंटे का विशेष NBW अभियान, 119 वांछित अपराधी गिरफ्तार
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर नगर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा माननीय न्यायालयों के आदेशों के प्रभावी अनुपालन के उद्देश्य से कानपुर नगर पुलिस द्वारा 24 घंटे का विशेष गैर-जमानती वारंट (NBW) तामिला एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी का अभियान चलाया गया। इस अभियान में कुल 119 वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी की गई।
यह विशेष अभियान 19 जनवरी 2026 की रात्रि से 20 जनवरी 2026 तक निरंतर चलाया गया। अभियान का संचालन पुलिस आयुक्त कानपुर नगर श्री खुबेर लाल के कुशल निर्देशन में किया गया। इसमें शहर के चारों जोन—पूर्वी, पश्चिमी, सेंट्रल एवं दक्षिणी जोन—के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समन्वित और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।
अभियान की शुरुआत में जनपद में कुल 402 गैर-जमानती वारंट लंबित थे। अभियान के दौरान इनमें से 119 NBW का सफलतापूर्वक तामिला कराते हुए संबंधित वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
जोनवार कार्रवाई की बात करें तो दक्षिणी जोन ने सर्वाधिक 41 NBW तामिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सेंट्रल जोन में 29, पश्चिमी जोन में 26 तथा पूर्वी जोन में 23 NBW का निष्पादन किया गया।
थाना स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले थानों में खलटोली, बिल्हौर, महाराजपुर एवं चकेरी थाना प्रमुख रहे। इन थानों द्वारा वारंट तामिला में उल्लेखनीय भूमिका निभाई गई, जिसकी पुलिस बल की कार्यकुशलता को उच्चाधिकारियों द्वारा सराहा गया।
अभियान की समीक्षा के दौरान पुलिस आयुक्त द्वारा अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन करने वाले थानों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी लंबित NBW वारंटों के संबंध में पूर्ण जानकारी संकलित कर आगामी दो दिनों तक लगातार विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि सभी वांछित वारंटियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके।




