*शुक्लागंज में गैस सिलेंडर फटने महिला की हुई मौत। बेटी स्कूल में थी, घर लौटते ही टूटा दुखों का पहाड़*
उन्नाव। शुक्लागंज के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगने से 37 वर्षीय महिला गंभीर रूप से झुलस गई। कानपुर के उर्सला अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
मृतका की पहचान खुशबू (37) पत्नी सुभाष गुप्ता, निवासी मोहल्ला गांधी नगर के रूप में हुई है। वह पिछले दो साल से परिवार के साथ वहां किराए के मकान में रह रही थीं। घटना सुबह करीब 9 बजे हुई, जब खुशबू रसोई में खाना बना रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रसोई में अचानक सिलेंडर से तेज लपटें उठीं और देखते ही देखते आग ने खुशबू को घेर लिया। उनकी चीख सुनकर पड़ोसी दौड़े, लेकिन आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि उन्हें बाहर निकालना मुश्किल हो गया। तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची गंगाघाट पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को एंबुलेंस से उर्सला अस्पताल भेजा, लेकिन वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
खुशबू की 16 वर्षीय बेटी शगुन घटना के समय स्कूल गई हुई थी। घर लौटकर जब उसे मां की मौत की खबर मिली तो वह बेहोश होकर गिर पड़ी।
पति सुभाष गुप्ता की गांधी नगर में गुप्ता जनरल स्टोर नाम से दुकान है। रोज की तरह दुकान खोलने जा रहे सुभाष को फोन पर हादसे की जानकारी मिली और वह तुरंत अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
परिजनों ने बताया कि खुशबू कानपुर के श्याम नगर स्थित एक निजी ऑफिस में काम करती थीं और रोजाना ऑफिस आने-जाने में व्यस्त रहती थीं। सुबह घर का काम खत्म कर वह रोज की तरह निकलने की तैयारी कर रही थीं, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे के बाद मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गैस रेगुलेटर और सिलेंडर की जांच कराई है। हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
*पंकज श्रीवास्तव* ब्यूरो
*अस्तित्व कुशवाहा* संवाददाता




