वरिष्ठ कवयित्री डॉ वंदना श्रीवास्तव को हिंदी दिवस पर मिला विश्व हिंदी रत्न मानद उपाधि सम्मान
नई दिल्ली / लुंबिनी, ब्यूरो रिपोर्ट
सिंहावलोकन 14 सितंबर – हिंदी भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में अनवरत सक्रियता एवं उत्कृष्ट रचनात्मक योगदान के लिए वरिष्ठ कवयित्री व साहित्यकार डॉ वंदना श्रीवास्तव को विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर विशिष्ट सम्मान से नवाजा गया है। नेपाल की प्रतिष्ठित संस्था शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउन्डेशन, नेपाल द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय विश्व हिंदी कविता प्रतियोगिता में श्रेष्ठ कविता चयन के आधार पर डॉ वंदना श्रीवास्तव को विश्व हिंदी रत्न मानद उपाधि प्रदान की गई।
डॉ वंदना श्रीवास्तव फरीदाबाद की बहुमुखी प्रतिभा की धनी समाजसेविका व लेखिका हैं, जिनकी सैकड़ों रचनाएँ देश-विदेश की प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं। हिंदी साहित्य के संवर्धन हेतु समर्पित उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान उनकी काव्यात्मक व गद्य लेखनी की प्रशंसा का प्रतीक बन गया है।
समारोह में अपने अनुभव व भावनाएँ व्यक्त करते हुए डॉ वंदना श्रीवास्तव ने कहा –
“अंतर्राष्ट्रीय संस्था द्वारा मेरी कविता का चयन एवं सम्मानित किया जाना मेरे लिए गर्व का विषय है। शब्द प्रतिभा फाउन्डेशन साहित्यकारों को निष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट रचनात्मकता के माध्यम से प्रोत्साहित करती आई है। यह एक सुनहरा मंच है, जहाँ देश-विदेश के कवि, लेखक और साहित्यकार आपस में अपनी प्रतिभा साझा करते हैं।”
इस प्रतियोगिता में देश-विदेश से हजारों प्रतिभागियों ने भाग लिया था, जिनमें से श्रेष्ठ कविता चयन के माध्यम से कुल 265 कवि-कवयित्रियों को सम्मानित किया गया। डॉ वंदना श्रीवास्तव को यह सम्मान प्रदान करते हुए संस्था के अध्यक्ष आनंद गिरि मायालु ने कहा –
“डॉ वंदना श्रीवास्तव बहुआयामी व्यक्तित्व की धनी लेखिका एवं कवयित्री हैं। उनके लेखन में सहजता, सरलता के साथ समाज सुधार की झलक मिलती है। उनकी कविताओं में मानवीय संवेदनाएँ व सामाजिक चेतना की गहराई दिखाई देती है। गद्य और पद्य दोनों विधाओं में उनकी सृजनशीलता विशेष रूप से उल्लेखनीय है।”
डॉ वंदना श्रीवास्तव के दो नए काव्य संग्रह शीघ्र ही प्रकाशित होने जा रहे हैं, जिन्हें साहित्य प्रेमियों का विशेष आतुरता से इंतजार है। यह सम्मान उनके साहित्यिक मार्ग को और अधिक प्रोत्साहित करेगा।
नेपाल से प्राप्त इस गौरवमयी सम्मान की खबर पर डॉ वंदना श्रीवास्तव के परिवारजन, मित्रगण और साहित्य जगत के वरिष्ठ लेखक-लेखिकाओं ने हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।




