*सफीपुर में गंगा का बढ़ता जलस्तर बना संकट, बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आए जनप्रतिनिधि व सामाजिक संगठन*
सफीपुर (उन्नाव)। तहसील क्षेत्र में गंगा नदी का जलस्तर दोबारा बढ़ने से कटरी क्षेत्र के लोगों के लिए संकट गहराता जा रहा है। गांवों और कस्बों में बाढ़ से विस्थापित लोग सुरक्षित स्थानों पर शरण लिए हुए हैं। इस बीच राहत कार्यों में राजनीतिक दलों से लेकर सामाजिक संगठनों तक ने सक्रियता दिखाई है।
शुक्रवार को सफीपुर क्षेत्र के कई बाढ़ प्रभावित इलाकों में जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने राहत सामग्री वितरित की। भाजपा विधायक बंबा लाल दिवाकर ने एसडीएम शिवेंद्र वर्मा और तहसीलदार देवेंद्र यादव के साथ बाढ़ शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों को लंच पैकेट और शासन से प्राप्त राहत किट वितरित कीं। विधायक ने भरोसा दिलाया कि हर पीड़ित को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्यमंत्री सुधीर रावत कार्यकर्ताओं संग गहौली, मिर्जापुर बाजार और हिंगलाज मंदिर प्रांगण पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों का हालचाल जाना और उन्हें हरसंभव मदद देने का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने भी लंच पैकेट वितरित किए।
इसके अलावा देवगनमऊ गांव के समाजसेवी दिलीप मिश्रा लगातार दूसरे दिन भी सेवा कार्यों में जुटे रहे। उन्होंने राहत सामग्री बांटी और कहा कि हालात सामान्य होने तक सेवा कार्य जारी रहेंगे। इसी क्रम में भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष रामबली कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भी राहत सामग्री का वितरण किया।
गौरतलब है कि सफीपुर क्षेत्र में बाढ़ का असर लगातार बढ़ रहा है। बड़ी संख्या में लोग स्कूलों, मंदिरों और सड़कों पर शरण लेने को मजबूर हैं। ऐसे में राजनीतिक दलों, समाजसेवियों और संगठनों की सक्रियता से पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*

