उन्नाव में हर घर तिरंगा अभियान की धूम, निराला प्रेक्षागृह से निकली तिरंगा रैली, स्कूली बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
उन्नाव। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत उन्नाव में हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन किया गया। निराला प्रेक्षागृह से एक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। सदर विधायक पंकज गुप्ता और जिलाधिकारी गौरांग राठी ने रैली को हरी झंडी दिखाई। रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। डॉक्टर जी. नाथ जी दयाल बालिका इंटर कॉलेज, अटल बिहारी इंटर कॉलेज, श्याम कुमारी सेठ बाल निकुंज और नेहरू बालिका इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाए। बता दे कि निराला प्रेक्षागृह में कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी राठी ने कहा कि जनपद में शहर से लेकर गांवों तक तिरंगा रैलियां निकाली जा रही हैं। उन्होंने वीरों के साहस और बलिदान को याद किया। नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने तिरंगे के सम्मान की अपील की। मुख्य विकास अधिकारी कृति राज ने छात्रों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र दिए गए।
अस्तित्व कुशवाहा
उन्नाव संवाददाता




