अपर इंडिया अस्पताल में HPV टीकाकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कानपुर। अपर इंडिया अस्पताल में 12 सितंबर 2026, शनिवार को दोपहर 12:00 बजे से 1:00 बजे तक HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य HPV संक्रमण एवं सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा HPV टीकाकरण के महत्व की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. सीमा द्विवेदी, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की प्रभारी डॉ. नीना गुप्ता रहीं।
कार्यक्रम के दौरान प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग तथा अन्य विभागों के 24 रेजिडेंट चिकित्सकों ने HPV वैक्सीन लगवाकर टीकाकरण के प्रति जागरूकता एवं सकारात्मक संदेश दिया। इस पहल के माध्यम से HPV टीकाकरण के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ाने तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए टीकाकरण को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान HPV संक्रमण, इसके कारण होने वाले रोगों तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव में HPV टीकाकरण की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। वैज्ञानिक प्रमाणों के अनुसार HPV टीकाकरण HPV संक्रमण से संबंधित कैंसर की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के माध्यम से लाभार्थियों को HPV वैक्सीन के लाभ, टीकाकरण की आवश्यकता, उचित आयु में टीकाकरण तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के अन्य उपायों के बारे में जागरूक किया गया।




