कालपी: यमुना नदी में 19 वर्षीय चरवाहा लापता, चप्पल किनारे मिली, तलाश जारी
ब्यूरो चीफ जालौन – शैलेन्द्र सिंह तोमर
कालपी (जालौन)। यमुना नदी में 19 वर्षीय चरवाहे के डूबने की आशंका से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, इंद्रानगर कालपी निवासी अमित पुत्र बलबीर यादव रोजाना की तरह यमुना नदी किनारे अपनी भैंसें चराने गया था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा।
स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान नदी किनारे युवक की चप्पल पड़ी मिली। जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक यमुना नदी में नहाते समय डूब गया होगा।
घटना कालपी यमुना पुल के नीचे बाईघाट की बताई जा रही है। मौके पर युवक के परिजन भी पहुंचे और रो-रोकर बेहाल हैं। फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की मदद से यमुना में तलाशी अभियान जारी है।
प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए गोताखोरों की टीम को भी बुला लिया है। युवक की तलाश जारी है, परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर मौजूद हैं।
अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।




