लखनऊ से पैरोल पर बाहर आया सीरियल किलर सोहराब फरार, यूपी-दिल्ली पुलिस अलर्ट पर
फिरोज ख़ान की रिपोर्ट
2005 में एक ही दिन में की थीं तीन हत्याएं, अब दिल्ली में डकैती के बाद हुआ लापता
लखनऊ। 2005 में राजधानी लखनऊ में एक ही दिन में तीन हत्याओं को अंजाम देने वाला कुख्यात सीरियल किलर सोहराब पैरोल पर बाहर आने के बाद फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए यूपी और दिल्ली पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
जानकारी के मुताबिक, सोहराब को कोर्ट के आदेश पर कुछ दिन पहले पैरोल पर रिहा किया गया था, लेकिन उसकी पैरोल की अवधि तीन दिन पहले ही समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद वह जेल वापस नहीं लौटा। इसी दौरान दिल्ली में एक ज्वेलरी शोरूम में दिनदहाड़े डकैती की खबर सामने आई, जिसमें सोहराब की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।
सोहराब और उसके दो बड़े भाई सलीम और रुसतम 2005 में लखनऊ में तीन हत्याओं के मामले में दोषी पाए गए थे। तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी और तिहाड़ जेल में बंद किया गया था। सोहराब तीनों में सबसे छोटा है और अपराध की दुनिया में उसका खौफ आज भी बना हुआ है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फरारी की जानकारी मिलते ही यूपी STF, दिल्ली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें अलर्ट पर हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही यह जांच भी शुरू कर दी गई है कि सोहराब को पैरोल किस आधार पर दी गई और उसकी निगरानी में कहां चूक हुई।
इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और पैरोल नीति पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




