कदौरा में रात के सन्नाटे में चोरों का कहर, दो दुकानों की गुल्लकों से उड़ाए नकदी।
रिपोर्टर: सलमान खान, जिला संवाददाता
जालौन (कदौरा): थाना क्षेत्र के मोहल्ला पुराना बाजार में बीती रात अज्ञात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने दोनों दुकानों में रखी गुल्लक तोड़कर लगभग 14 हजार रुपये पार कर दिए। चोरी की वारदातों का खुलासा तब हुआ जब सुबह दुकान मालिकों ने टूटी हुई गुल्लक और खाली पैसे देखे।
पहली घटना में मोहल्ला पुराना बाजार निवासी मुबीन पुत्र पीर खां ने बताया कि उसकी दुकान में रखी गुल्लक से करीब 8 हजार रुपये चोरी हो गए। सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा तो गुल्लक टूटी पड़ी थी और उसमें रखी नकदी गायब थी।
वहीं, दूसरी वारदात में अबरार पुत्र इसरार ने बताया कि उसकी दुकान से करीब 6 हजार रुपये चोरी हुए हैं। उसने पुलिस को दी तहरीर में संदेह जताया कि चोर छत के रास्ते से घुसा और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
दोनों दुकानदारों ने थाने में लिखित शिकायत देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी प्रभात सिंह ने बताया कि घटनास्थल की जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दुकान का अन्य सामान बिल्कुल सुरक्षित है, सिर्फ गुल्लकों से नकदी चोरी की गई है, जो कि घटना को संदिग्ध बनाती है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।




