उन्नाव में करंट लगने से बच्चे की मौत, खंभे के पास खेलते समय हादसा, परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया
ख़बर उन्नाव से है जहां सदर कोतवाली क्षेत्र में स्थित खजुरिया बाग मोहल्ले में मंगलवार शाम एक दुखद घटना सामने आई। मोहल्ले में खेल रहे 12 वर्षीय अंश द्विवेदी की बिजली के खंभे से करंट लगने से मौत हो गई। घटना के समय अंश अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते समय वह लोहे के बिजली खंभे के संपर्क में आ गया। खंभे में पहले से करंट उतर रहा था। करंट लगते ही अंश तड़पने लगा। साथ खेल रहे बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने लकड़ी की मदद से अंश को खंभे से अलग किया। परिजन तुरंत अंश को अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मोहल्ले में शोक छा गया। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि विभाग ने समय पर खंभे की मरम्मत नहीं कराई है जिसके चलते ये घटना हुई है। सदर कोतवाली प्रभारी अवनीश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को शांत कराया और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रिपोर्टर :- अस्तित्व कुशवाहा
उन्नाव संवाददाता




