दबिश से पहले आरोपी को इशारा करने पर चौकी इंचार्ज व सिपाही निलंबित, वायरल वीडियो से खुलासा
कानपुर में नवाबगंज थाने के चौकी इंचार्ज आदित्य बाजपेई और सिपाही विजय राज को अपराधी को इशारा करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। वायरल वीडियो में साफ देखा गया कि दोनों ने दीनू उपाध्याय के साथी अनूप शुक्ला को पुलिस दबिश से महज 25 सेकंड पहले इशारा किया, जिससे वह मौके से भाग निकला।
यह घटना 12 जून की है, जिसका वीडियो रविवार को सामने आया। वीडियो में आरोपी अनूप शुक्ला बैग लिए खड़ा है, तभी बाइक पर सवार इंचार्ज व सिपाही गुजरते हुए उसे संकेत करते हैं। इशारे के बाद अनूप तुरंत बाइक पर बैठकर फरार हो जाता है, जबकि कुछ ही सेकेंड में एसीपी कर्नलगंज के नेतृत्व में तीन थानों का फोर्स मौके पर पहुंचता है।
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो मिलते ही जांच शुरू की गई, और एसीपी कर्नलगंज को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जांच में पुष्टि के बाद पुलिस कमिश्नर के आदेश पर दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में अन्य दोषियों पर भी कार्रवाई करने की तैयारी है।
डिस्टिक हेड
राहुल द्विवेदी की रिपोर्ट




