ओवरलोड ट्रकों की चाल तेज, प्रशासन की कार्रवाई ठप!
मौरंग माफिया बेखौफ, सिस्टम खामोश – हादसों को दावत दे रही बेलगाम रफ्तार
रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ, जालौन – शैलेन्द्र सिंह तोमर
जालौन: जिले में मौरंग माफियाओं का बोलबाला इस कदर हावी हो चुका है कि ओवरलोड ट्रक बिना किसी रोकटोक के सड़कों पर दौड़ रहे हैं। हालात यह हैं कि ये ट्रक प्रशासन की नाक के नीचे से ‘चिट्टी’ रोबोट की तरह निकलते हैं – न कोई जांच, न पूछताछ, न रोक!
ओवरलोड वाहनों की धमाचौकड़ी से न केवल सड़कें टूट रहीं हैं, बल्कि आम जनता की जान भी खतरे में पड़ गई है। हादसों का डर हर रोज़ बना रहता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे बैठे हैं।
स्थानीय सूत्रों की मानें तो यह पूरा खेल प्रशासनिक मिलीभगत से चल रहा है। कुछ अधिकारियों की चुप्पी और नजर
अंदाजी ने मौरंग माफियाओं को खुली छूट दे दी है। जिन सड़कों पर आम वाहन संभल-संभल कर चलते हैं, उन पर ये ओवरलोड ट्रक सरपट दौड़ते हैं।
सवाल उठता है कि आखिर सिस्टम की आंखें क्यों बंद हैं? क्या यह सब जानबूझकर अनदेखा किया जा रहा है? जबकि आम जनता को बदहाल सड़कों और संभावित दुर्घटनाओं की चिंता सता रही है, वहीं माफिया का मनोबल बढ़ता ही जा रहा है।
जरूरत है कि ऐसे मामलों में ज़मीन पर सख्त कार्रवाई हो। केवल कागज़ों पर कार्रवाई से जनता को राहत नहीं मिलेगी। यदि अब भी प्रशासन नहीं जागा, तो जल्द ही कोई बड़ा हादसा जिले को झकझोर सकता है।




