चलते-चलते मौत: तहसील परिसर में गिरी वकील की सांसें, CCTV में कैद हुआ अंतिम पल
ब्यूरो चीफ: शैलेंद्र सिंह तोमर
स्थान: लखनऊ, उत्तर प्रदेश
लखनऊ के सरोजनीनगर तहसील में सोमवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जिसने हर किसी को हिला कर रख दिया। तहसील परिसर में महज़ 26 साल के युवा वकील पवन सिंह की अचानक मौत से माहौल गमगीन हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पवन सिंह रोज़ की तरह तहसील पहुंचे थे और परिसर में सामान्य रूप से चलते हुए अचानक ज़मीन पर गिर पड़े। उनके गिरते ही मौके पर मौजूद वकील और कर्मचारी दौड़े और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस पूरे हादसे की CCTV फुटेज भी सामने आई है, जिसमें साफ़ देखा जा सकता है कि पवन एकदम सामान्य दिख रहे थे, लेकिन कुछ ही सेकंड में वे लड़खड़ा कर ज़मीन पर गिरते हैं।
फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।




