*लखनऊ-कानपुर हाईवे पर स्टंटबाजी करते 6 युवक गिरफ्तार, स्टंटबाज के शौक में पहुंचे लॉकअप,*
लखनऊ-कानपुर हाईवे पर स्टंटबाजी करने वाले 6 युवकों को उन्नाव की अजगैन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 4 बाइक भी जब्त की हैं। पुलिस अधीक्षक उन्नाव दीपक भूकर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। टोल प्लाजा के पास गश्त कर रहे उपनिरीक्षक मो. कल्लन, उपनिरीक्षक मुकुल कुमार दुबे और कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह को कुछ युवक तेज रफ्तार से खतरनाक अंदाज में बाइक चलाते दिखे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी युवकों को पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों में फतेहपुर के गाजीपुर निवासी निहाल उर्फ शानू (24), कानपुर के जूही पुरनपुरवा निवासी ऋषभ शर्मा (23), चंद्र नगर निवासी अर्जुन कश्यप (20), किदवईनगर निवासी परवेज (20) और वेदांश कुमार तथा आईटीआई गेट निवासी शिवम गौड़ (20) शामिल हैं। पुलिस ने चार बाइकें सीज कीं। सभी आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बाइकें धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज की गई हैं। अजगैन पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर स्टंटबाजी गैरकानूनी है और यह आम लोगों की जान के लिए खतरा है। ऐसी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
*अस्तित्व कुशवाहा*
उन्नाव संवाददाता




