*उन्नाव शहर में सांड़ का कहर, युवक को पटक-पटक कर मार डाला, बचाने आया भतीजा भी घायल*
ईदगाह रोड पर दिल दहला देने वाली घटना, लोगों में दहशत; नगर निगम पर अनदेखी का आरोप, वीडियो वायरल
मृतक के परिजनों में कोहराम, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच शुरू
उन्नाव, 31 मई 2025 (संवाददाता)। शहर के ईदगाह रोड पर शनिवार को एक बेकाबू सांड़ ने आतंक मचाते हुए एक अधेड़ व्यक्ति को पटक-पटक कर मार डाला। सांड़ ने युवक को अपने सींगों में फंसाकर करीब चार फीट तक उछाला और फिर जमीन पर गिरने के बाद भी उसे लगातार सींगों से गोदता और पैरों से कुचलता रहा। बचाने दौड़े भतीजे पर भी सांड़ ने हमला कर उसे घायल कर दिया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो दिल दहला देने वाला है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और नगर निगम पर आवारा पशुओं की समस्या की अनदेखी का आरोप लगाया जा रहा है।
लोक नगर निवासी सुशील बाजपेयी पुत्र सतीश बाजपेयी शनिवार को अपने भतीजे के साथ ईदगाह रोड से गुजर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही वे नसीम और अशरफ के घर के पास पहुंचे, एक गुस्सैल सांड़ ने अचानक सुशील पर हमला कर दिया। सांड़ ने पहले उन्हें जमीन पर गिराया और फिर बेरहमी से कुचलना शुरू कर दिया। सुशील बचने के लिए चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन सांड़ लगातार उन पर हमलावर रहा।
सांड़ का रौद्र रूप देखकर कोई भी सुशील को बचाने के लिए उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सुशील की चीख सुनकर उनका भतीजा उन्हें बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन सांड़ ने उसे भी दौड़ा लिया, जिससे वह गिरकर घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय निवासी अशरफ ने तत्काल एंबुलेंस बुलाई और दोनों घायलों, चाचा और भतीजे, को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सुशील बाजपेयी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भर्ती कर लिया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल भतीजे का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सुशील के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर निगम की लापरवाही पर फूटा गुस्सा
स्थानीय लोगों का कहना है कि ईदगाह रोड समेत शहर के कई इलाकों में पिछले काफी दिनों से आवारा सांड़ों का आतंक बना हुआ है। कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से इन सांड़ों को पकड़कर गोशाला भिजवाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने प्रशासन से तत्काल आवारा पशुओं की समस्या का समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि “सांड़ लोगों की जान ले रहे हैं, लेकिन नगर निगम कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है,” जो कि घोर लापरवाही को दर्शाता है।
*अस्तित्व कुशवाहा*
उन्नाव संवाददाता




