उरई में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 51 पेटी शराब बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
ब्यूरो चीफ जालौन: शैलेन्द्र सिंह तोमर
जालौन: जिले में अवैध शराब की बिक्री की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उरई कोतवाली क्षेत्र के उमरारखेड़ा स्थित एक कम्पोजिट शराब की दुकान पर छापेमारी की। इस दौरान दुकान पर स्कैनिंग के दौरान अवैध शराब की पुष्टि हुई।
पूछताछ में दुकान के सेल्समैन ने अवैध शराब बेचने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उरई कोतवाली क्षेत्र के ही ग्राम रगेदा में एक मकान से 51 पेटी अवैध शराब बरामद की। जांच में सामने आया कि यह शराब पिछले वर्ष निरस्त की गई दुकानों की थी, जिसे इस वर्ष अवैध रूप से सरकारी लाइसेंस प्राप्त दुकानों पर बेचा जा रहा था।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं जिस कम्पोजिट दुकान से अवैध शराब की बिक्री हो रही थी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।




