उन्नाव में बाइकों की टक्कर, दो युवकों की मौत, दोनों ने नहीं पहना था हेलमेट, एक युवक कानपुर का रहने वाला
उन्नाव। सफीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को परियार डिग्री कॉलेज के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान परियार निवासी 18 वर्षीय नीरज गौतम और कानपुर के बर्रा-4 निवासी अरविंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है। बता दे कि नीरज अपने गांव के खेत से काम करके घर लौट रहा था। परियार डिग्री कॉलेज के पास सामने से तेज गति से आ रही दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई। दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। अस्पताल ले जाने से पहले ही दोनों की मौत हो गई। नीरज परिवार में दो भाई और दो बहनों में तीसरे नंबर का था। वह पढ़ाई कर रहा था और परिवार की उम्मीदों का सहारा था। अरविंद्र कुमार शर्मा किस कार्य से परियार क्षेत्र में आए थे, इसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है। सफीपुर थानाध्यक्ष एस.एन. तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों बाइकें पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों बाइकें तेज गति से चल रही थीं। किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। लापरवाही या अन्य कारण सामने आने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।