सीएचसी कोंच में कर्मचारी करते हैं मनमानी
पर्चा काउंटर पर बैठे कर्मचारी कर रहे मनमानी
ब्यूरो चीफ – कालपी (जालौन): शैलेन्द्र सिंह तोमर
दिनांक – मंगलवार, 9 अप्रैल 2024
कोंच। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोंच में अव्यवस्था और कर्मचारियों की मनमानी आए दिन मरीजों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। अक्सर देखा गया है कि जैसे ही अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ती है, ठीक उसी समय कर्मचारी अपने कार्यस्थल को छोड़ भोजन के लिए चले जाते हैं।
आज मंगलवार को भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब अस्पताल में मरीजों की लंबी लाइनें लगी थीं और पर्चा काउंटर पर तैनात कर्मचारी आराम से खाना खाते नजर आए। मरीजों में महिलाएं और छोटे बच्चों के साथ आए लोग खासे परेशान दिखाई दिए।
एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई महिला मरीज अपने बच्चों को गोद में लिए परेशान घूम रही हैं और कोई भी कर्मचारी उनकी मदद के लिए उपलब्ध नहीं है।
पर्चा बनवाने के लिए मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन पर्चा बनाने वाले दोनों कर्मचारी अपने काम को छोड़कर भोजन में व्यस्त थे।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस लापरवाही और मनमानी पर क्या कार्रवाई करता है, ताकि भविष्य में मरीजों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।