*उन्नाव में खेत में बैग के अंदर मिली नवजात बच्ची, रोने की आवाज सुन महिला ने बचाई जान*
उन्नाव। सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के सफियापुर गांव में बुधवार सुबह खेत में पड़े एक बैग से नवजात बच्ची मिलने से सनसनी फैल गई। खेत की ओर गई एक महिला ने रोने की आवाज सुनकर बैग खोला तो उसमें जीवित नवजात बच्ची मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को इलाज के लिए पहले सीएचसी सफीपुर और फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
गांव निवासी राधिका सुबह खेत गई थीं। इसी दौरान उन्हें बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में पहुंचने पर खेत में पड़े बैग के अंदर एक नवजात बच्ची मिली। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर देखभाल के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर है। घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि नवजात को खेत में छोड़ने वाले की पहचान की जा सके। सफीपुर कोतवाली प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि बच्ची सुरक्षित है और उसका इलाज कराया जा रहा है। मामले की जांच जारी है। दोषी की पहचान होने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
*पंकज श्रीवास्तव ब्यूरो*




