जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक का जिला कारागार पर औचक छापा – सुरक्षा और बंदियों की सुविधाओं की ली गहन समीक्षा
ब्यूरो चीफ जालौन – शैलेन्द्र सिंह तोमर
उरई। 31 अगस्त 2025।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ० दुर्गेश कुमार ने सोमवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर जेल प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। अधिकारियों ने जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर बंदियों को दी जा रही मूलभूत सुविधाओं तक का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रसोईघर पहुंचकर स्वयं बंदियों के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता जांची और स्पष्ट निर्देश दिए कि कैदियों को स्वच्छ व समय पर भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान जेल चिकित्सालय, दवाओं की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं पर भी विशेष जोर दिया गया। साथ ही, शैक्षणिक और व्यावसायिक प्रशिक्षण योजनाओं की प्रगति का भी अवलोकन किया गया।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी जांच की। पहरेदारी प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे और अन्य निगरानी उपकरणों की कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। सुरक्षाकर्मियों से ड्यूटी, प्रशिक्षण और शिफ्ट व्यवस्था की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक नीरज देव सहित तमाम संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




