*नई दिल्ली: आज का मौसम अभी 3 दिन भीगेगी दिल्ली… यूपी-बिहार से लेकर तमिलनाडु तक बिगड़ेगा मौसम,.*
*Sep 13, 2026 7:14 AM IST*
*नई दिल्ली:* वापसी से पहले मॉनसून अपने रौद्र रूप में दिख रहा है. कई राज्यों में इसके प्रभाव से झमाझम बरसात हो रही है. 13 सितंबर को यानी आज भी देश के कई हिस्सों में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना मौसम विभाग की ओर से जताई गई है. देश के कई हिस्सों में जमकर बरसात देखने को मिल सकती है. पहाड़ों पर भी बारिश का दौर जारी रह सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रह सकते हैं. साथ ही हल्की बरसात हो सकती है. आज अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. दिल्ली में कल यानी 14 सितंबर को भी हल्की बारिश हो सकती है. राज्य में हल्की बरसात का ये सिलसिला 16 सितंबर तक जारी रह सकता है.
*यूपी से लेकर झारखंड तक बिगड़ा मौसम:*
उत्तर प्रदेश में आज सोनभद्र, कुशीनगर, महाराजगंज, प्रयागराज और गोरखपुर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. कानपुर, मिर्जापुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, जौनपुर और सुल्तानपुर में भी बारिश और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं. बिहार में कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. आज झारखंड के कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और आंधी की स्थिति बन सकती है.
*राजस्थान, एमपी ओर छत्तीसगढ़ में बारिश:*
राजस्थान में आज बरसात की गतिविधियां बढ़ सकती है. प्रदेश के कई जिलों में बादल बरस सकते हैं. आज और कल कोटा और उदयपुर संभाग तथा आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश की संभावना है. आज मध्य प्रदेश के इंदौर, अलीराजपुर, आगर-मालवा, झाबुआ, खंडवा, देवास और बुरहानपुर में भारी बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. पंजाब के कई जिलों में आज बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. हरियाणा में भी कई जगह मौसम सक्रिय रह सकता है. महाराष्ट्र में कई इलाकों में बारिश का असर दिख सकता है. मराठवाड़ा में बहुत भारी बारिश हो सकती है. गुजरात में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में बारिश हो सकती है. सिक्किम में 17 सितंबर तक कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.
*पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी बरसात:*
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई क्षेत्रों में बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है. दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रह सकता है. तेलंगाना में कई क्षेत्रों में बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है. तमिलनाडु में भी बारिश की संभावना है. केरल में अगले कुछ दिन भारी बारिश हो सकती है.
*पहाड़ों पर कैसा रहेगा मौसम:*
उत्तराखंड में हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, चमोली और टिहरी गढ़वाल में भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग की ओर जारी की गई है. हिमाचल प्रदेश में किन्नौर, मंडी, ऊना, चंबा, हमीरपुर, सोलन, बिलासपुर और कांगड़ा में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. जम्मू कश्मीर में भी आज कई इलाको में भारी बारिश और तेज हवा चल सकती है.




