परिषदीय स्कूलों में शिक्षक संकुल बैठक 18 अगस्त को: प्रेरणा ऐप पर हाजिरी और निपुण लक्ष्य पर रणनीति होगी तैयार
राजेश कटियार
लखनऊ/कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक द्वारा शिक्षण संकुल बैठक के आयोजन को लेकर प्रदेश के सभी डायट प्राचार्यों और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिसके अनुसार चालू शैक्षणिक सत्र के तहत माह अगस्त 2026 की शिक्षक संकुल बैठक आगामी 18 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी। इस बैठक का समय दोपहर 1:30 बजे से अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित किया गया है जो पूरी तरह से पूर्व-निर्धारित एजेंडा बिंदुओं पर आधारित होगी। आदेश के मुताबिक प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए इस बार दोनों स्तरों के शिक्षकों के लिए पृथक-पृथक बैठकें आयोजित की जाएंगी। बैठक को पूरी तरह प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के लिए शिक्षक संकुल के सदस्यों को निर्देश दिया गया है कि वे मुख्य बैठक शुरू होने से पहले ही एजेंडा बिंदुओं का आपस में कार्य-विभाजन सुनिश्चित कर लें ताकि हर सत्र का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके। इस मासिक बैठक में मुख्य रूप से बुनियादी शिक्षा के सुदृढ़ीकरण पर जोर रहेगा। इसके तहत निपुण लक्ष्य बालवाटिका से कक्षा-5 की प्रगति, 10 प्रमुख शिक्षण अधिगम प्रक्रियाओं के अनुपालन और छात्र-छात्राओं के अधिगम स्तर को सुधारने के लिए कैच-अप शिक्षण पर गहन चर्चा की जाएगी। साथ ही स्कूलों में पठन संस्कृति को बढ़ावा देने, क्रियाशील बालवाटिका के संचालन, डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग और विद्यार्थियों के होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षकों को कक्षा-शिक्षण के दौरान संदर्शिका, प्रिंटरिच सामग्री, विभिन्न किट्स और प्रगति तालिका जैसी शैक्षणिक सामग्रियों का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। बैठक की महत्ता को देखते हुए डायट मेंटर, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण), खंड शिक्षा अधिकारी, स्टेट रिसोर्स ग्रुप और अकैडमिक रिसोर्स पर्सन को प्रत्येक बैठक में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने का निर्देश दिया गया है। बैठक के सफल समापन के बाद सभी शिक्षक संकुल के लिए प्रेरणा ऐप पर बैठक से संबंधित पूरी सूचना और विवरण फीड करना अनिवार्य होगा।




