राष्ट्रीय अंगदान दिवस 2026 पर अंगदान जागरूकता एवं अंगदाता सम्मान समारोह आयोजित
उन्नाव। राष्ट्रीय अंगदान दिवस 2026 के अवसर पर लाइफ सेवर्स उन्नाव एवं श्री सेवार्थ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जिला अस्पताल, उन्नाव में अंगदान जागरूकता एवं अंगदाता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में अंगदान एवं नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अंगदान का संकल्प लेने वाले लोगों को सम्मानित करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ राजेश हर्षवर्धन संयुक्त निदेशक SOTTO UP ने कहा कि “अंगदान किसी व्यक्ति द्वारा मानवता को दिया जाने वाला सबसे बड़ा उपहार है।वही सदर विधायक पंकज गुप्ता ने बताया कि एक अंगदाता कई लोगों को नया जीवन प्रदान कर सकता है। वही मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एस के शुक्ला ने बताया कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस महादान के प्रति जागरूक होकर आगे आना चाहिए।”
वहीं श्री सेवार्थ फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष प्रथम श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि “देह नश्वर है, लेकिन अंगदान के माध्यम से हमारा जीवन दूसरों की सांसों में जीवित रह सकता है। लाइफ सेवर्स के संस्थापक अनुराग सिंह राठौड़ ने बताया कि यदि हम सभी अंगदान का संकल्प लें, तो हजारों जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है। यह केवल दान नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।”
कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन डॉ मनीष सिंह सेंगर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर संस्था के संरक्षक रामप्रकाश चौरसिया , राम तनेजा , ब्रजेश चंद्र शुक्ला , शैलेन्द्र शुक्ला, अजय शुक्ला, विवेक श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष निर्भय कुमार निगम, वेद प्रकाश साहू एवं निर्मेश पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में अंगदान का संकल्प लेने वाले अखिलेश अवस्थी, मनीष सिंह सेंगर, मोहित कुमार, रश्मि, अजय कुमार, मुकेश बाजपेयी, अजय कुमार सहित अन्य अंगदाताओं को सम्मानित किया गया। वहीं नेत्रदान का संकल्प लेने वाले मोनिका सिन्हा, नवीन सिन्हा, पंकज कुमार मिश्रा, पिंकी त्रिवेदी सहित अन्य नेत्रदाताओं को भी प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक लोगों को अंगदान एवं नेत्रदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया तथा यह संदेश दिया कि “अंगदान – महादान, जीवनदान”।




