*एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स का एक भटक चुका रॉकेट चंद्रमा से टकराने की राह पर तेजी से बढ़ रहा है। यह स्पेसएक्स के फॉल्कन 9 रॉकेट का ऊपरी हिस्सा है, जिसे जनवरी 2025 में लॉन्च किया गया था। यह अपने साथ दो लूनर लैंडर्स को लेकर गया था। बुधवार को रॉकेट का हिस्सा बहुत तेज रफ्तार से चंद्रमा से टकराएगा। इस टक्कर से चंद्रमा की सतह पर धूल का गुबार उठेगा, जिसे देखने के लिए वैज्ञानिक उत्साहित हैं।*
*समाचार एजेंसी एपी ने अंतरिक्ष विशेषज्ञ बिल ग्रे के हवाले से बताया है कि यह टक्कर 8700 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ज्यादा हो सकता है, जो ध्वनि की रफ्तार से सात गुना ज्यादा है। यह टक्कर चांद पर सूरज की रोशनी वाले पश्चिमी हिस्से में आइंस्टीन क्रेटर के पास होगी। यह टक्कर अमेरिका में सुबह तड़के के समय होगी। ऐसे में इसे अमेरिका और कनाडा के पूर्वी हिस्सों और दक्षिण अमेरिका के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी तरह से देखा जा सकेगा।*




