*शुक्लागंज में ट्रक ने किशोरी को कुचला, मौके पर ही तोड़ा दम, चालक हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी*
उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात एक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका की पहचान कानपुर नगर के जूही थाना क्षेत्र के परम पुरवा निवासी जुबिया (14) पुत्री मोहम्मद आबिद के रूप में हुई है। जुबिया शनिवार शाम अपने परिवार के साथ कहीं जा रही थी। रात करीब 8 बजे परिवार कानपुर-लखनऊ नेशनल हाईवे पर जाजमऊ चौकी के अंतर्गत ईरानी ढाबे के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे। बता दे कि तेज रफ्तार ट्रक ने किशोरी को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने ट्रक को रोक लिया और चालक को भागने नहीं दिया। सूचना मिलते ही जाजमऊ चौकी और गंगाघाट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया। घटना के बाद मृतका के परिजनों को लोगों ने ढांढस बंधाया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा ट्रक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। चौकी इंचार्ज विनोद सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




