*उन्नाव: महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय*
उन्नाव। सफीपुर स्थित महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में बुधवार को साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम माई भारत एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के एक्सपीरिएंशियल लर्निंग प्रोग्राम के तहत आयोजित हुआ। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सफीपुर थाना प्रभारी संदीप मिश्रा ने कहा कि इंटरनेट और डिजिटल भुगतान के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने छात्रों से सोशल मीडिया और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि से बचने की अपील की।
साइबर विशेषज्ञ रविन्द्र पाल ने विद्यार्थियों को ओटीपी स्कैम, यूपीआई फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट और एआई (AI) आधारित ऑनलाइन ठगी जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और क्यूआर कोड स्कैन करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। उन्होंने छात्रों को बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने विशेषज्ञों से सवाल पूछकर साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर माई भारत के मुख्य समन्वयक शाश्वत गुप्ता, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक नूर अहमद, विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रियम सिंह, निष्ठा गुप्ता और कुशाग्र गुप्ता का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




