💁🏻♂️*सुबह 07 बजे की बड़ी खबरें……………….*
लखनऊ में आज LJP (रामविलास) का स्थापना दिवस समारोह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (IGP) में भव्य रूप से आयोजित होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और समर्थकों के जुटने की संभावना है।
लखनऊ दौरे पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज कई अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे। वे ताज होटल में NDA नेताओं के साथ बैठक करेंगे, राष्ट्र प्रेरणा स्थल का दौरा करेंगे, बसंत कुंज में शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में शामिल होंगे और बूथ अध्यक्ष शिवा जी रावत के आवास पर भी जाएंगे। दौरे का केंद्र संगठन को मजबूत करना और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देना रहेगा।
दिल्ली में पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण के विरोध में आज दोपहर 2 बजे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन प्रस्तावित है। तहसीन पूनावाला ने कहा है कि यदि पुलिस प्रदर्शन की अनुमति नहीं देती है तो केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के आवास के बाहर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
जालौन में अवैध निर्माण की शिकायत करना एक युवक को भारी पड़ गया। चकरोड पर हो रहे निर्माण का विरोध करने पर दबंगों ने रास्ते में उसे रोककर मारपीट की। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दिल्ली में सोनिया गांधी के वोटर लिस्ट मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट में उनका जवाब दाखिल किया गया। अतिरिक्त दस्तावेजों से संबंधित अर्जी पर भी पक्ष रखा गया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई को होगी।
हापुड़ में तेंदुए की दहशत लगातार बनी हुई है। सिम्भावली क्षेत्र में सड़क किनारे तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल है और वन विभाग की टीम निगरानी में जुटी हुई है।
बरेली में नशे में धुत युवकों ने चाचा और उनके दो भतीजों की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में दोनों भतीजों के सिर फूट गए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
हापुड़ में ईंट-भट्टे पर बंधुआ मजदूरी का बड़ा खुलासा हुआ है। श्रम विभाग की छापेमारी में सामने आया कि करीब 15 परिवारों से बिना वेतन मजदूरी कराई जा रही थी और महिलाओं से भी जबरन काम लिया जा रहा था। मामले की जांच जारी है।
नोएडा में मल्टीलेवल पार्किंग की दूसरी मंजिल पर एक महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। प्रारंभिक आशंका है कि महिला ने ऊपर से छलांग लगाई। बताया जा रहा है कि वह मानसिक बीमारी का इलाज करा रही थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हापुड़ में राजस्व निरीक्षक ब्रह्मपाल को स्थानांतरण आदेश की अवहेलना करने पर निलंबित कर दिया गया है। शाहजहांपुर तबादले के बावजूद कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर उन्हें निलंबित करते हुए डीएम कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
सुल्तानपुर में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से सब्जी बेच रहे दो लोग उसकी चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसे दोनों लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मेरठ में चर्चित लूटकांड की आरोपी महिला ज्योति चौधरी को पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि लूट के बाद उसने शादी कर हनीमून मनाया और सोशल मीडिया पर रील पोस्ट कर पुलिस को चुनौती दी। पुलिस ने रील के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तारी की और लूटी गई बाइक व मोबाइल भी बरामद कर लिया।
अयोध्या में राम धन गबन मामले की जांच तेज हो गई है। अदालत से अनुमति मिलने के बाद पुलिस आज पांच आरोपियों से पूछताछ करेगी। अनुकल्प, लवकुश मिश्रा, टिन्नू यादव, करुणेश पांडे और मनीष पांडे के बयान दर्ज किए जाएंगे।




