*उन्नाव के मेडिसिटी अस्पताल में हंगामा: इलाज में लापरवाही और ₹7.5 लाख वसूलने का आरोप, पुलिस पहुंची*
उन्नाव। शहर के मेडिसिटी अस्पताल में शनिवार दोपहर मरीज के परिजनों ने इलाज में लापरवाही और लाखों रुपये वसूलने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कराया। अचलगंज थाना क्षेत्र के सुपासी गांव निवासी सुल्खान पहलवान करीब 14 दिन से अस्पताल में भर्ती हैं। मरीज के भाई का आरोप है कि भर्ती के समय अस्पताल प्रबंधन ने 48 से 72 घंटे के भीतर मरीज की हालत में सुधार होने और होश आने का भरोसा दिया था। परिजनों का कहना है कि इलाज के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने बार-बार अलग-अलग किस्तों में 35 हजार, 40 हजार रुपये समेत लगातार रकम जमा कराई। उनका दावा है कि अब तक करीब 7.5 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन मरीज की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। परिजनों का आरोप है कि अब अस्पताल मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह देकर अपनी जिम्मेदारी से बच रहा है। उन्होंने अस्पताल से जमा कराई गई राशि वापस करने और कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया और लिखित शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
*पंकज श्रीवास्तव ब्यूरो*
*अस्तित्व कुशवाहा* उन्नाव संवाददाता




