जेल में बंद सेक्स रैकेट मामले के आरोपी अंबिका सिंह की इलाज के दौरान मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर (उत्तर प्रदेश)। रावतपुर थाना क्षेत्र में दर्ज सेक्स रैकेट प्रकरण में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए बंदी अंबिका सिंह (52) की इलाज के दौरान उर्सला अस्पताल में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर उनके दोनों बेटे अस्पताल पहुंचे। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के खाड़ेपुर कर्रही निवासी अंबिका सिंह को बीती 16 मई को रावतपुर पुलिस ने सेक्स रैकेट मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उनकी पत्नी शशि सिंह का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में दो बेटे करन प्रताप और यश प्रताप हैं।
बड़े बेटे करन प्रताप ने बताया कि वह बेंगलुरु स्थित एक निजी पिज्जा कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता लंबे समय से शराब के आदी थे और लीवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण उनकी तबीयत अक्सर खराब रहती थी।
जानकारी के अनुसार जेल में बंद रहने के दौरान अंबिका सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद जेल प्रशासन ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जेल सुपरिटेंडेंट राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि बंदी लीवर की बीमारी से ग्रसित था। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और जेल प्रशासन मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।




