परीक्षार्थियों, अभिभावकों तथा ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के लिए एक प्रेरणादायी सेवा अभियान
कानपुर नगर, अन्य नगरों की भांति आज कानपुर महानगर में भी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। भीषण गर्मी और तपते मौसम के बीच परीक्षा देने पहुंचे हजारों परीक्षार्थियों, उनके अभिभावकों तथा ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के लिए एक प्रेरणादायी सेवा अभियान देखने को मिला।
वी.एस.एस.डी. कॉलेज की सचिव, प्रख्यात समाजसेवी एवं यति संकल्प संस्थान की सचिव सीए श्नीतू सिंह के सौजन्य से कानपुर शहर के परीक्षा केंद्रों पर निःशुल्क शरबत एवं शीतल जल वितरण की व्यवस्था की गई। इस पहल ने न केवल भीषण गर्मी से राहत प्रदान की, बल्कि भारतीय परंपरा के परोपकार और मानव सेवा के आदर्शों को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।
अभियान की शुरुआत करते हुए सीए श्रीमती नीतू सिंह ने कहा कि शरबत एवं शीतल जल वितरण का उद्देश्य केवल लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाना नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से नई पीढ़ी के समक्ष संवेदनशीलता, परोपकार और मानवता का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करना भी है। उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी इन मानवीय मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करती है, तो समाज अधिक सहृदय और समरस बन सकेगा। सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों को समर्पित यति संकल्प संस्थान का यह प्रयास समाज के लिए एक प्रेरणास्पद उदाहरण बनकर सामने आया है। VSSD के निदेशक डॉ अंशू सिंह सेंगर के नेतृत्व में संपन्न इस अभियान में यति संकल्प संस्थान से जुड़े सैकड़ों स्वयंसेवकों ने योगदान किया।
हरिओम की रिपोर्ट




