1170 लोगों ने एक साथ किया योगाभ्यास,कुलपति बोले- पूरी दुनिया अपना रही भारतीय योग
कानपुर नगर, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कानपुर में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया।
विश्वविद्यालय के मुख्य प्रांगण में प्रातः काल से ही छात्र-छात्राएं, शिक्षक, कर्मचारी और उनके परिवारजन एकत्रित होने लगे।इस अवसर पर कुलपति डॉ.संजीव गुप्ता के नेतृत्व में लगभग 1170 लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया, जिसने एकता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6 बजे सूर्य नमस्कार और प्राणायाम के साथ हुई।इसके बाद प्रतिभागियों ने भुजंगासन, मयूरासन, सिंहासन, शलभासन, उष्ट्रासन, तितली आसन और अन्य विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया।योग प्रशिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों को आसनों की सही तकनीक और उनके लाभ बताए। छात्र-छात्राओं के साथ-साथ विश्वविद्यालय के कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में हिस्सा लिया,जिससे मैदान में एक सकारात्मक और ऊर्जावान माहौल बना रहा।इस भव्य आयोजन को और विशेष बनाने के लिए विभिन्न कैमरों का उपयोग किया गया। कैमरों ने योगाभ्यास के दौरान सामूहिक दृश्यों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की, जिससे इस ऐतिहासिक पल को हमेशा के लिए संजोया जा सके।
कार्यक्रम के समापन पर कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा, “योग भारत की प्राचीन धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपनाने लगी है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और संतुलन भी प्रदान करता है। उन्होंने आगे कहा,”नियमित योगाभ्यास से कई शारीरिक बीमारियों जैसे मधुमेह, उच्च रक्तचाप और तनाव से बचा जा सकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करना चाहिए,क्योंकि यह स्वस्थ और सुखी जीवन का आधार है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉक्टर मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम आर्ट ऑफ लिविंग के अंतरराष्ट्रीय योग प्रशिक्षक श्री राहुल यदुवंशी के नेतृत्व में तान्या तिवारी, विभा त्रिपाठी,रक्षा चतुर्वेदी आदि प्रशिक्षिकाओं द्वारा योग संपन्न कराया गया। इस अवसर पर अनंत फाउंडेशन के अध्यक्ष अनमोल तिवारी ने कुलपति को पौधा भेंट किया तथा सभी को मट्ठा वितरित किया।विश्वविद्यालय के छात्रों ने इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह दिखाया।इस आयोजन में विश्वविद्यालय के डीन, विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर और अन्य कर्मचारी भी शामिल हुए, जिन्होंने सामूहिक योगाभ्यास को सफल बनाने में योगदान दिया।
1170 लोगों ने एक साथ किया योगाभ्यास,कुलपति बोले- पूरी दुनिया अपना रही भारतीय योग
Leave a comment
Leave a comment




