योगा फॉर हेल्दी एजिंग थीम के साथ मनाया गया 12वाँ विश्व योग दिवस
कानपुर नगर, सेनानायक बी०बी० चौरसिया की उपस्थिति एवं निर्देशन में ’12वाँ विश्व योग दिवस’ अत्यंत उत्साह, ऊर्जा और गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
इस वर्ष योग दिवस की वैश्विक थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ को केंद्र में रखते हुए विशेष योगाभ्यास सत्र का आयोजन किया गया।
योगाभ्यास का शुभारंभ योगाचार्य PTI ऋषि यादव के मार्गदर्शन में प्रार्थना और शिथिलता अभ्यासों (वार्म-अप) के साथ हुआ। तत्पश्चात, निर्धारित थीम को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से उन आसनों (जैसे- ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन) और प्राणायाम (अनुलोम-विलोम, भ्रामरी) का अभ्यास कराया गया, जो बढ़ती उम्र में अस्थियों की मजबूती, मानसिक शांति और शारीरिक संतुलन बनाए रखने में सहायक हैं।
स्वस्थ्य और योग के अंतर्संबंध पर प्रकाश डालते हुए सेनानायक महोदय ने अपने उद्बोधन में कहा
योग केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक अनुशासित कला है। हमारी इस व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग ही एकमात्र ऐसा साधन है जो तन और मन को एक सूत्र में पिरोता है।
‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ हमें याद दिलाती है कि उम्र का बढ़ना हमारे नियंत्रण में नहीं है, लेकिन ऊर्जावान और स्वस्थ रहकर दीर्घायु होना पूरी तरह हमारे हाथ में है। यदि हम आज से ही योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बना लें, तो बढ़ती उम्र कभी हमारे हौसले और कार्यक्षमता पर हावी नहीं हो पाएगी। एक स्वस्थ सैनिक और एक स्वस्थ नागरिक ही एक सुदृढ़ राष्ट्र की नींव रख सकता है।
सभी उपस्थित प्रतिभागियों ने मानसिक शांति और विश्व कल्याण के लिए ‘संकल्प’ लिया तथा शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
कार्यक्रम के अंत में सेनानायक महोदय द्वारा योगाचार्य को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
वाहिनी के सभी अधिकारियों एवं जवानों के लिए स्वास्थ्यवर्धक हर्बल पेय की व्यवस्था की गई। यह आयोजन न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में सफल रहा, बल्कि इसने सभी कर्मियों के भीतर सकारात्मक ऊर्जा और अनुशासन का एक नया संचार किया।
इस योगाभ्यास कार्यक्रम पर शिविरपाल चंद्रेश्वर, आरटीसी प्रभारी मनोज कुमार श्रीवास्तव,सूबेदार सैन्य सहायक रवेंद्र सिंह चौधरी,हेड क्लर्क विनीत त्रिपाठी,रामेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
हरिओम की रिपोर्ट




