नौबस्ता चौराहे पर अवैध टेम्पो स्टैंड हटाने की तैयारी, एडीसीपी साउथ ने संभाला मोर्चा
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर। नवनियुक्त एडीसीपी साउथ सुमित सुधाकर रामटेके ने कार्यभार संभालते ही यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को उन्होंने नौबस्ता चौराहे का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और अवैध टेम्पो स्टैंड को हटाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीसीपी ने पाया कि मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे खड़े ऑटो और ठेलियां यातायात बाधित कर रही हैं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने और अवैध टेम्पो स्टैंड समाप्त कराने के निर्देश दिए। चौराहे पर सुचारु यातायात संचालन के लिए करीब 30 पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी।
एडीसीपी साउथ ने मौके पर मौजूद आम नागरिकों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विशेष रूप से ऑटो चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क पर सवारी बैठाने और उतारने की मनमानी नहीं चलेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान यातायात बाधित करने वाली दो कारों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की गई। एडीसीपी ने स्पष्ट किया कि दक्षिण जोन में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।
नौबस्ता चौराहे पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन की यह कार्रवाई आम लोगों को जाम से राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके ने कहा कि यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




