पत्नी के चाकू से हमले में पति की मौत, हत्या के आरोप में गिरफ्तार
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर। फीलखाना थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी द्वारा किए गए कथित चाकू हमले में गंभीर रूप से घायल पति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बालाजी धाम निवासी मनीष गुप्ता (45) का विवाह वर्ष 2017 में निहारिका कश्यप से हुआ था। दंपति का एक छह वर्षीय पुत्र भी है। परिजनों का आरोप है कि निहारिका का किसी युवक से संपर्क था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
बताया गया कि घटना के दिन मनीष ने पत्नी को फोन पर बात करते देखा और इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर निहारिका ने चाकू से मनीष पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मनीष को पहले केपीएम अस्पताल और बाद में हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के पिता रामकिशोर गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि होश में आने पर मनीष ने उन्हें बताया था कि घटना के समय उसकी पत्नी किसी युवक से फोन पर बात कर रही थी और विरोध करने पर उस पर हमला किया गया।
पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फीलखाना थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




