*उन्नाव पुलिस को बड़ी कामयाबी, ट्रक चालक को घायल कर 77 फ्रिज-40 एसी लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार*
जनपद उन्नाव के अजगैन लखनऊ-कानपुर हाईवे पर ड्राइवर को घायल कर 1 करोड़ से ज्यादा का माल लूटने वाले शातिर गिरोह को उन्नाव पुलिस ने धर दबोचा। एसएसपी जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में एसओजी, सर्विलांस और अजगैन पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ समेत दबिश देकर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। लूटे गए 47 फ्रिज और 40 गोदरेज स्प्लिट एसी बरामद कर लिए गए हैं।
*25 मई की रात हुई थी वारदात*
नौबस्ता कानपुर के व्यापारी राजेश कुमार गुप्ता ने 28 मई को अजगैन थाने में तहरीर दी। बताया कि उनका ड्राइवर नीरज कुमार 25 मई की रात 11 बजे सोहरामऊ के आशाखेड़ा से फ्रिज-एसी लोड कर कानपुर जा रहा था। जीपीएस से ट्रैक करने पर ट्रक एक घंटे बाद लखनऊ की तरफ मुड़ गया और टोल प्लाजा के पास सिग्नल बंद हो गया। वहां पहुंचे तो ड्राइवर नीरज घायल पड़ा मिला और ट्रक गायब था। पुलिस ने केस 232/2026 धारा 309(6) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया।
*जीपीएस + सीसीटीवी + सर्विलांस = गिरोह का भंडाफोड़*
खुलासे के लिए एसएसपी ने कई टीमें लगाईं। जांच में पता चला कि बदमाशों ने ट्रक का नंबर NL 01 AH 7041 से बदलकर NE 01 AH 7044 कर दिया था और टोल पर नगद पेमेंट कर रहे थे। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किमी 191 कट से ट्रक गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की तरफ गया। सर्विलांस ने दो मोबाइल नंबर ट्रेस किए जो ट्रक के साथ मूव कर रहे थे। लोकेशन कुशीनगर के कसिया स्थित स्वास्तिक ढाबे पर मिली।
*ढाबे पर दबिश, 32 फ्रिज बरामद, दुकानदार भी अरेस्ट*
पुलिस ने रातभर घेराबंदी कर टोल की फोटो से मिलान कर ढाबे से मुख्य आरोपी छोट्टन चौधरी के साथी विकास बाल्मीकि और ढाबा संचालक विवेक मिश्रा को दबोचा। पूछताछ पर खुलासा हुआ कि 44 फ्रिज कसिया के रोशनी इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक अविनाश सिंह को बेच दिए गए थे। वहां से 32 फ्रिज बरामद हुए, 12 बिना बिल बेचे जा चुके थे। वहीं बिचौलिये राजू सिंह उर्फ बलराम को भी गिरफ्तार किया गया। लूटी गई ट्रक बिहार के मोतिहारी के सुगौली थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप से बरामद हुई।
*मुठभेड़ में लगा घायल, 315 बोर तमंचा बरामद*
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह का सरगना छोट्टन चौधरी पुत्र सुरेश चौधरी, निवासी हथियाइन मोतिहारी दोबारा वारदात की फिराक में है। 30 मई तड़के 3:10 बजे नवाबगंज में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के सामने गुरुद्वारा रोड पर घेराबंदी के दौरान छोट्टन ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। मौके से 315 बोर तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद हुआ।
*कुल बरामदगी और इनाम*
पुलिस ने 1 कंटेनर, 40 स्प्लिट एसी, 47 फ्रिज यानी कुल 127 बक्से बरामद किए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। इस सफल खुलासे पर एसपी उन्नाव ने 25 हजार, आईजी लखनऊ रेंज ने 50 हजार और एडीजी लखनऊ जोन ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।
अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
*पंकज श्रीवास्तव* ब्यूरो
*अस्तित्व कुशवाहा* संवाददाता




