*उन्नाव में युवक को गोली मारी, कई दिन बंधक रखाः घायल ने अपहरण, मारपीट और गोली मारने का आरोप लगाया; कानपुर रेफर*
उन्नाव में एक युवक को गोली लगने और कई दिनों तक बंधक बनाकर रखने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घायल युवक ने इलाज के दौरान कुछ लोगों पर अपहरण कर बंदी बनाकर रखने, मारपीट करने और गोली मारने का आरोप लगाया है। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक ने अपना नाम विवेक पटेल बताया है। वीडियो में वह घायल अवस्था में बातचीत करता दिख रहा है। युवक ने आरोप लगाया कि उसे 22 मई से बंधक बनाकर रखा गया था। उसने दो युवक और एक युवती पर उसे बंदी बनाने का आरोप लगाया। युवक ने यह भी बताया कि उसे इंजेक्शन देकर बेहोश रखा जाता था और उसके साथ मारपीट भी की गई।
युवक ने बताया कि उसे मिलने के बहाने बुलाया गया था, जिसके बाद उसे बंधक बना लिया गया। बातचीत के दौरान युवक दर्द में था और उसने गोली लगने की बात भी कही। हालांकि, घटना कहां और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और घायल युवक के बयान के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
जिला अस्पताल में घायल युवक का इलाज करने वाले डॉ. आशीष सक्सेना ने बताया कि विवेक नाम का युवक गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। प्रथम दृष्टया यह मामला गोली लगने का प्रतीत हो रहा है। युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया है।
डॉ. सक्सेना के अनुसार, एक्स-रे और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक को गोली लगी है या नहीं। दही थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि गोलीकांड की सूचना मिली है और जांच-पड़ताल की जा रही है।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




