*बकरा मंडी विवाद ने पकड़ा राजनीतिक तूल, दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर (उत्तर प्रदेश) | कानपुर की बकरा मंडी में शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक और कानूनी रंग लेता नजर आ रहा है। थाना चमनगंज में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद मामला और गर्मा गया है। वहीं विधायक नसीम सोलंकी के सरकारी गनर से कथित हाथापाई और वर्दी फाड़ने के आरोप में मंडी संचालक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक बकरा मंडी को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। मामला थाना चमनगंज पहुंचा, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी। पूर्व विधायक इरफान सोलंकी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की खबर फैलते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं।
दूसरी ओर विधायक नसीम सोलंकी के सरकारी गनर द्वारा मंडी संचालक पर दर्ज कराए गए मुकदमे ने पूरे प्रकरण को और पेचीदा बना दिया है। इलाके में दिनभर इस विवाद को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा और स्थानीय लोगों के बीच यह मामला प्रमुख चर्चा का विषय बना रहा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।




