*दीवार काटकर घर में लाखों की चोरी, 21 लाख के जेवर और नकदी पार*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र स्थित फत्तेपुर गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते एक्स हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दीवार काटकर घर में घुसे और करीब 21 लाख रुपये के जेवर व नकदी पार कर ले गए। घटना का पता शुक्रवार सुबह उस समय चला जब परिवार के लोगों की नींद खुली और कमरों के दरवाजे बाहर से बंद मिले।
पीड़ित सज्जन सिंह के अनुसार परिवार में रिश्तेदारी की शादी होने के चलते सभी जेवर एक ही कमरे में रखे गए थे। चोर घर से हार, अंगूठी, चूड़ियां, पायल समेत करीब 20 लाख रुपये के आभूषण और लगभग 70 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
परिवार के लोगों ने पड़ोसी की छत के रास्ते नीचे उतरकर देखा तो घर में सेंधमारी की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
राजन शर्मा ने बताया कि चोर दीवार काटकर घर के अंदर दाखिल हुए थे। घर से करीब 300 मीटर दूर खाली बक्से बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि घटना में किसी करीबी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।




