*कानपुर में लेखपाल (मुख्य) परीक्षा-2025 शांतिपूर्ण संपन्न कराने को पुलिस अलर्ट, पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण*
प
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित लेखपाल (मुख्य) परीक्षा-2025 को सकुशल, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। बुधवार को शहर के 47 परीक्षा केंद्रों पर एक पाली में सुबह 7 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक परीक्षा आयोजित की गई।
परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी, यातायात पुलिस और रिजर्व पुलिस बल की तैनाती की गई। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी गई। अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले सघन चेकिंग और पहचान पत्र व प्रवेश पत्र के सत्यापन के बाद ही अंदर जाने दिया गया।
इसी क्रम में पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने श्री कैलाश नाथ बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, कंट्रोल रूम, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा ड्यूटी और अभ्यर्थियों की चेकिंग व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त अपराध श्रवण कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा। परीक्षा अवधि में कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों की लगातार मॉनिटरिंग की जाती रही। वहीं अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था भी सुचारु रखी गई।




