*विधानभवन में विधानसभा अध्यक्ष से मिले विधायक, विकास कार्यों में बाधा और अभद्रता का उठाया मुद्दा*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
20 मई 2026 को लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश विधानभवन में विधायक ने माननीय विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात कर अपने साथ एवं समर्थकों के साथ हुए घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी दी। मुलाकात के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से स्वीकृत विकास कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम में उन्हें रोका गया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष को बताया कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि को अपने ही क्षेत्र में विकास कार्यों के कार्यक्रम से रोकना लोकतांत्रिक परंपराओं और जनप्रतिनिधियों की गरिमा के विपरीत है। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रशासनिक संरक्षण में लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन हुआ, जिससे जनभावनाएं भी आहत हुई हैं।
इस दौरान विधायक ने अपने समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ कथित अन्यायपूर्ण व्यवहार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक गरीब मजदूर के साथ मारपीट की गई तथा मामले में एकपक्षीय कार्रवाई की गई। विधायक ने इस पूरे प्रकरण को विशेषाधिकार समिति को संदर्भित किए जाने की मांग करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के अधिकारों एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
विधायक ने कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों, जनप्रतिनिधियों की गरिमा और जनता के विकास कार्यों की रक्षा के लिए लड़ा जा रहा है। उन्होंने जनहित की इस लड़ाई में साथ खड़े समर्थकों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया।
मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि विशेषाधिकार समिति को मामले के संदर्भित होने के बाद आगे क्या कार्रवाई होती है।




