*ईद को लेकर प्रशासन अलर्ट, सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील*

*कानपुर डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन ताडा ने अधिकारियों और संभ्रांत नागरिकों संग की बैठक
आगामी ईद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से डॉ. विपिन ताडा ने रविवार को क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक के दौरान लोगों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना गया तथा त्योहार के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। इस मौके पर सभी जोन के पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस आयुक्त मौजूद रहे।
प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने के लिए बैठक में नगर निगम कानपुर, बिजली विभाग केस्को, अग्निशमन विभाग तथा प्रशासनिक अधिकारियों की भी भागीदारी रही। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति, पेयजल, ट्रैफिक एवं सुरक्षा संबंधी सभी इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
बैठक में मौजूद लोगों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखते हुए ईद मनाने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन का उद्देश्य सभी समुदायों के सहयोग से त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। उन्होंने अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की।




