*उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बस-ट्रक की टक्कर, 23 यात्री घायल, 7 गंभीर, चालक को झपकी आने से हादसा*
– ख़बर उन्नाव से है जहां के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। किलोमीटर संख्या-237 के पास तेज रफ्तार डबल डेकर बस खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में 23 यात्री घायल हो गए, जिनमें सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया गया कि बस दिल्ली से आजमगढ़ जा रही थी। सुबह करीब छह बजे चालक को कथित तौर पर झपकी आ गई, जिससे बस अनियंत्रित होकर ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बता दे कि चंद्र पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। यूपीडा कर्मियों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद सात गंभीर घायलों को जिला अस्पताल उन्नाव रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, हादसे के समय बस की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी और चालक को झपकी आना दुर्घटना की मुख्य वजह मानी जा रही है। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और यूपीडा कर्मियों ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हटाकर यातायात बहाल कराया। हादसे में सुरक्षित बचे यात्रियों को अन्य वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। कोतवाली प्रभारी अखिलेश चंद्र पाण्डेय ने बताया कि बस स्मार्ट सुरक्षा प्रणाली से लैस थी, जिसके चलते इतनी बड़ी टक्कर के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई। घायलों में अमेठी निवासी चंद्रमणि शुक्ला, आजमगढ़ के नारायण दत्त, श्रीकांत यादव, सौरभ त्रिपाठी और संतोष शामिल हैं। इसके अलावा सुल्तानपुर के देवेंद्र द्विवेदी, श्रद्धा पांडे, संजय पांडे और मुन्नी देवी, सीवान के श्रीपाल सिंह, लखनऊ की श्वेता पांडे, जौनपुर के सचिन सिंह तथा गाजियाबाद के आयुष मिश्रा समेत कुल 23 लोग घायल हुए हैं। पुलिस सभी घायलों का पूरा विवरण जुटाने और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करने में जुटी हुई है।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




