*पीएम पर टिप्पणी को लेकर कानपुर में गरमाई सियासत,भाजपा महिला मोर्चा का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन*,
मंजूर अली की रिपोर्ट
*हमीरपुर सांसद अजेन्द्र लोधी से माफी की मांग*
कानपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। गुरुवार को भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने हमीरपुर से सपा सांसद अजेन्द्र सिंह लोधी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सांसद पर राजनीतिक मर्यादाएं तोड़ने का आरोप लगाया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री देश का सम्मान हैं और उनके खिलाफ अमर्यादित भाषा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष पूनम कपूर और जिला अध्यक्ष उत्तर अनिल दीक्षित ने किया। नेताओं ने जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और सांसद के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सपा सांसद द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक गरिमा के विपरीत है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी प्रधानमंत्री और उनके परिवार को लेकर विवादित टिप्पणियां की जा चुकी हैं, जिससे कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी नाराजगी है।दरअसल, सपा सांसद अजेन्द्र सिंह लोधी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में स्मार्ट मीटर समेत 11 मांगों को लेकर ज्ञापन देने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को लेकर बयान दिया था, जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष पूनम कपूर ने कहा कि यदि सांसद सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया गया है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेंगे।
कलेक्ट्रेट परिसर में हुए प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की उत्तर और दक्षिण इकाइयों की कई कार्यकर्ता मौजूद रहीं। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि जनता आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी। प्रदर्शन में अनीता त्रिपाठी, मधु तिवारी, प्रेमलता तिवारी, सपना शर्मा और वंदना समेत कई पदाधिकारी शामिल रहीं।




