*नाबालिग छात्रा के लापता होने से मचा हड़कंप, छह दिन बाद होटल से सकुशल बरामद*
अक्षत श्रीवास्तव
की रिपोर्ट
*सर्विलांस और सीसीटीवी जांच के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर भेजा जेल*
कानपुर।बिल्हौर क्षेत्र में कक्षा नौ की एक छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से हड़कंप मच गया। परिजनों की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से छात्रा को छह दिन बाद एक होटल से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपहरण और पाॅक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।पीड़ित पिता के अनुसार उनकी बेटी छह मई को रोज की तरह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक युवक छात्रा को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से रहमतपुर क्षेत्र स्थित एक होटल में छापा मारकर छात्रा को बरामद किया। हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में चंडाली जीटी रोड अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। वहीं क्षेत्र में होटल संचालकों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना पर्याप्त पहचान सत्यापन के कमरों की बुकिंग गंभीर सुरक्षा चिंता का विषय है। नागरिकों ने प्रशासन से ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित जांच और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर सख्त निगरानी की मांग की है।




